इटावा। महोला केंद्रीय कारागार में गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जेल भेजे गए कांग्रेसियों से मिलने पहुंचे। कांग्रेसियों से मिलने की अनुमति न मिलने पर लगभग डेढ़ घंटे तक प्रदेश अध्यक्ष ने जेल के बाहर प्रदर्शन किया। अजय राय ने प्रशासन को भाजपा सरकार का एजेंट बताया। साथ ही प्रशासन पर बवाल कराने का आरोप लगाया। कहा कि प्रशासन इतना सक्रिय है कि हमें साथियों से मिलने नहीं दे रहा और वहां भाजपा को हमारा कार्यालय घेरने दिया। भाजपाइयों ने पथराव किया है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
सोमवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के ऊपर कांग्रेस कार्यालय के घेराव के दौरान हुए संघर्ष में आठ नामजद समेत 20 लोगों को खिलाफ भाजपा नेत्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद नौ कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर मंगलवार को जेल भेज दिया था। गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जेल में कांग्रेसियों से मिलने पहुंचे। मिलने न दिए जाने पर धरने में बैठते हुए कहा कि यदि कार्यालय घेरने की अनुमति नहीं दी जाती तो बवाल होता ही नहीं। पुलिस-प्रशासन ने सरकार का एजेंट बनने का काम किया है। हमारे लोगों पर सरकार के दबाव में फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस कार्यालय की छत पर पड़े पत्थर इस बात गवाही दे रहे हैं कि पथराव भाजपाइयों की ओर से किया गया है। कहा कि डीएम से पत्र लिखकर अपने साथियों से मिलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन मिलने नहीं दिया जा रहा। बोले कि तानाशाही का आलम यह है मुझसे छोड़िए परिजनों को बंद कांग्रेसियों से भी मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही। बताया कि जानकारी मिली है कि जेल के अंदर भी हमारे साथियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें कंबल, चादर नहीं दिए जा रहे। खाना और पानी भी गंदा देकर मानसिक रूप से प्रताड़ना दी जा रही है। उन्होंने कहा कि न्यायालय पर भरोसा है। जल्द ही सभी को जमानत मिल जाएगी। पूरे प्रदेश में भाजपा के लोग हमारे कार्यालयों में तोड़फोड़ करा रहे हैं। जेल में डलवाकर कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। कहा कि 2027 में वह सरकार को उखाड़ फेकेंगे। इसके बाद पूरा हिसाब होगा। धरने के बाद वह शहर स्थित पार्टी कार्यालय आए।