कानपुर। शहर के खिलाड़ी अधिराज मजूमदार ने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंडर-15 वर्ग के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई। उन्होंने यह उपलब्धि पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के खिलाड़ियों को 3-1 से पराजित कर हासिल की। वहीं अंडर-13 बालक वर्ग में दिल्ली के अरुणिम अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में आयोजित प्रतियोगिता में मंगलवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले हुए। पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता ने तमिलनाडु के एच तनीष को 11-6, 15-13, 11-7 से हराया। राजदीप बिश्वास ने महाराष्ट्र के अधिराज चौहान को 11-4, 11-6, 13-11 से और जेम महालनाबिश ने पीएसपीबीए के रयान बोर्थाकुर को 11-7, 11-6, 10-12, 11-8 से मात दी।
बालिका वर्ग में असम की दिविजा पॉल ने उत्तर प्रदेश की पेहल गुप्ता को 11-8, 6-11, 11-9, 13-11 से हराया। महाराष्ट्र की महिका सुस्वीरकर ने अपनी ही राज्य की केशिका पुरकर को 8-11, 11-4, 7-11, 11-6, 11-8 से पराजित किया। असम की ईशानी गोगोई ने पश्चिम बंगाल की आराध्या डे सरकार को 11-4, 11-8, 11-3 और दिल्ली की ख्याति पांडे ने उप्र की अनिष्का गुप्ता को 11-9, 11-8, 11-6 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। मुख्य अतिथि बीना लवानिया, यूपीटीटीए चेयरमैन संजीव पाठक और सचिव अरुण बनर्जी मौजूद रहे।