थानाध्यक्षों की बैठक लेते अपर पुलिस महानिदेशक एसएन साबत
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुरः इलाहाबाद जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एसएन साबत ने गुरुवार को कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए फिर से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। महिला हेल्पलाइन 1090 व 181 को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने दुष्कर्म के मामले में कहा कि दुष्कर्म के फर्जी मामले दर्ज कराने पर न सिर्फ गंभीरता से इसे लिया जाए बल्कि झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वालों पर भी सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गुरुवार को पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अपराधों पर उन्होंने बताया कि जोन में अपराधों की समीक्षा में इस जनपद की स्थिति ठीक है, लेकिन अन्य जनपदों में महिला उत्पीड़न के मामले कुछ बढ़े हैं। यूपी 100 के रूट चार्ज की समीक्षा कर इसे और प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही लंबित विवेचनाओं को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि 79 विवेचनाए लंबित हैं। वहीं धारा-363, 366 के आठ मामलों में बरामदगी की कार्रवाई अभी लंबित है।
उन्होने बताया कि जेल में बंद अपराधियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि 543 माल (वाहन) के मामले लंबित है जिन्हें निस्तारित करें। सड़क दुघर्टनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि देश में एक लाख 15 हजार लोगों की सड़क दुघर्टनाओं मे मौत होती है।
महोबा के अजनर की घटना पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस घटना में पुलिस की लापरवाही सामने आई है जिसमें दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है। उनका कहना है कि पुलिस को किसी दूसरे के क्षेत्र में दखलदांजी नहीं करनी चाहिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी, अपर पुसिस अधीक्षक एलएस यादव व सीओ सदर आरके उपाध्याय मौजूद रहे।