हिट एंड रन के एक और केस में काकादेव में शुक्रवार आधी रात के बाद पुलिस चेकिंग से बचकर भाग रहे नशे में धुत लग्जरी कार सवारों ने चार राहगीरों को रौंद दिया। काकादेव पुलिस ने पीछा करके कार सवारों को कल्याणपुर रोड पर दबोच लिया। कार में शराब की कई बोतलें मिलीं। कार पर भाजपा का झंडा लगा था। पुलिस ने घायलों को हैलट भेजने के साथ ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
काकादेव एसओ शुक्रवार रात डबल पुलिया पर चेकिंग कर रहे थे। तभी वहां से गुजरी कार को रोका तो कार सवार तेजी से भाग निकले। कार सवार रास्ते में बाइक सवार बॉबी और प्रदीप को टक्कर मारते हुए आगे बढ़े। नौ नंबर क्रॉसिंग के पास दो साइकिल सवार युवकों को भी टक्कर मारी। इसके बाद पुलिस ने कल्याणपुर रोड पर कार सवारों को दबोच लिया। कार में शास्त्री नगर निवासी विराट भदौरिया, अभय और हरविंदर नशे में धुत मिले।
शराब की बोतलें भी मिलीं। घायलों को हैलट भेजा गया। काकादेव एसओ ने बताया कि विराट भदौरिया को पिछले साल घंटाघर के एक होटल के वेटर को गोली मारने में भी जेल भेजा गया था। उसे भाजपा नेता बताया गया है लेकिन इसकी पुष्टि अभीनहीं हुई।