‘कोना छोड़ो’ अभियान में आपस में सामंजस्य नहीं बना पा रहे विभाग शुक्रवार को ‘राइट टाइम’ नजर आए। नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस सभी समय से रावतपुर तिराहे पर पहुंचे। स्थायी और अस्थायी अवैध कब्जे हटवाए। कार्रवाई के दौरान हल्का विरोध भी हुआ लेकिन भारी पुलिस बल के चलते कब्जेदारों की चल नहीं पाई। हालांकि शाम को फिर से दुकानें और सब्जी मंडी लग गई।
सुबह 10:45 बजे एसपी ट्रैफिक सर्वानंद सिंह यादव सीओ ट्रैफिक अंबरीश सिंह भदौरिया, रणविजय सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह टीम के साथ रावतपुर रेलवे स्टेशन तिराहे पर पहुंचे। इसी दौरान दो जेसीबी, तीन ट्रकों के साथ नगर निगम जोनल प्रभारी प्रवर्तन दस्ता भी पहुंचा।
काकादेव थाने से विकास सिंह, दिग्विजय सिंह, राम सजीवन समेत चार सिपाही भी पहुंच गए। एसपी ट्रैफिक ने जेके कैंसर अस्पताल के सामने से फुटपाथ खाली कराना शुरू कराया। इस दौरान तिराहे पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम से यातायात नियमों की जानकारी भी दी जा रही थी। जेसीबी देख कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान दुकानों के अंदर कर लिया।
गुटैया क्रासिंग की ओर फुटपाथ पर सब्जी बेच रहे दुकानदार भी सब्जी भरकर भागने लगे। रेलवे स्टेशन के पास के होटल वालों ने भी फुटपाथ खाली कर दिया। नगर निगम प्रवर्तन टीम ने फुटपाथ पर रखा चाट का ठेला, ट्टर, टीनशेड जब्त किया।