कानपुर देहात। बुखार व मल्टीविटामिंस की दवाओं में प्रिंट रेट से अधिक वसूली की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद सीडीओ ने ड्रग इंस्पेक्टर से कड़ी नाराजगी जताई है। साथ ही नोटिस जारी कर 24 घंटे के अंदर प्रिंट रेट से अधिक वसूली करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों की रिपोर्ट मांगी है।
बुखार व मल्टीविटामिंस दवाओं की बिक्री प्रिंट रेट से अधिक दामों में करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों पर कार्रवाई करने की तैयारी है। अमर उजाला में आठ मई को प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद सीडीओ सौम्या पांडेय ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर को नोटिस जारी कर अधिक वसूली के मामले में कड़ी नाराजगी जताई है।
बता दें कि हर बीमार व्यक्ति के परिजन परेशान हो रहे हैं। मेडिकल स्टोर संचालक थोक व्यापारियों के यहां से दवाएं महंगी मिलने की बात कह प्रिंट रेट से अधिक दाम ले रहे हैं। अकबरपुर में माती रोड पर जिला अस्पताल मोड़ के आसपास, ओवरब्रिज के पास एक बड़े दवा कारोबारी के यहां प्रिंट रेट से अधिक वसूली हो रही है। कस्बा के अंदर स्थित मेडिकल स्टोरों का भी भी यही हाल है। निमोइलाइजर व पल्स ऑक्सीमीटर में मनमाने दाम लिए जा रहे हैं। खास बात ये है कि मेडिकल स्टोर संचालकों को ग्राहक पर जरा भी शक हुआ तो वह ऐसी दवाओं की उपलब्धता से इंकार कर देते हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर को नोटिस जारी कर 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी गई है। प्रिंट रेट से अधिक वसूली करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। यदि ड्रग इंस्पेक्टर की भूमिका गड़बड़ मिली तो उन पर कार्रवाई होगी। सौम्या पांडेय, सीडीओ