कानपुर देहात। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद शनिवार दोपहर बाद एसीएमओ ने अस्पतालों का निरीक्षण किया। अकबरपुर में माती रोड पर उन्हें कई अस्पतालों में बेसमेंट में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होती मिलीं। इस पर उन्होंने अस्पताल संचालकों को नोटिस थमाकर दो दिनों में बेसमेंट में संचालित सेवाओं को बंद करने के निर्देश दिए हैं।
एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा ने बताया कि शनिवार दोपहर को उन्होंने माती मार्ग पर बीएसए ऑफिस के पास ब्रह्मा मेडिकल सेंटर में छापा मारा। यहां बेसमेंट में बाइकें खड़ी होने के साथ तीन बेड भी पड़े मिले। सभी बेडों को बेसमेंट से निकलवाया गया है। साथ ही भविष्य में बेसमेंट में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित न करने की हिदायत दी। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के पास राजावत हॉस्पिटल की जांच की। जांच में बेसमेंट में मेडिकल स्टोर, बिलिंग काउंटर व अन्य सुविधाएं संचालित होती मिलीं। बेसमेंट में मरीजों का आवागमन मिला। लोकप्रिय हॉस्पिटल में बेसमेंट में एक्स-रे मशीन रखी मिली।
इसके अलावा बेसमेंट में कई अन्य कमरे लॉक मिले, बेसमेंट में बिजली न आने से अंधेरा मिला। उसके बगल में एक कॉम्पलेक्स के बेसमेंट में शारदा आई केयर सेंटर संचालित होता मिला। यहां लोगाें की आंखों की जांच की जा रही थी। इसके ही बगल में एक पैथोलॉजी संचालित होती मिली। सीएचसी मोड़ के पास अकबरपुर चैरिटेबल ब्लड बैंक का संचालन होता मिला है। जबकि नोव ग्रेस हॉस्पिटल में बेसमेंट में प्राइवेट वार्ड, पैथोलॉजी, एक्स-रे मशीन मौजूद मिली।
वहीं, वरदान हास्पिटल में भी कमियां मिलीं। एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा ने बताया कि शनिवार को सात स्वास्थ्य इकाइयों की जांच की गई है। इन अस्पताल, पैथोलॉजी, ब्लड बैंक की ओर से फायर विभाग की एनओसी लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से पंजीकृत किया गया था। सभी संचालकों को नोटिस देकर दो दिन के अंदर बेसमेंट में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं को बंद करने का नोटिस दिया गया है। यदि दो दिन में बेसमेंट में स्वास्थ्य सेवाएं बंद नहीं की गईं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले में किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सेवा बेसमेंट में संचालित नहीं होने दी जाएगी।