फतेहपुर में मलवां थाना क्षेत्र के एक गांव में एसिड अटैक का मामला सामने आया है। एक जेठ ने दुष्कर्म में विफल होने पर अपनी विधवा बहू पर एसिड फेंक दिया। वह गंभीर रूप से झुलस गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जेठ व उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। दूसरा दोस्त फरार है।
महिला के पति की वर्ष 2014 में बीमारी से मौत हो गई थी। इसके 6 साल का एक बेटा है। महिला का आरोप है कि उसका एक जेठ उस पर खराब नजर रखता है। इस वजह से वह मौका पाते छेड़छाड़ करने लगता है। यह बात उसने अपने मायके में बताई।
इसके बाद उसके भाई आकर उसे और बेटे को मायके ले गए। महिला ने बताया कि खेती लगवाने व कटवाने के लिए साल में चार-पांच बार ससुराल आना पड़ता है। महिला ने बताया कि गेहूं की फसल पक जाने के कारण वह करीब एक माह पहले गांव आई थी। जेठ की नीयत ठीक नहीं थी।
अपने दो अन्य साथियों के साथ वह शुक्रवार देर शाम छेड़छाड़ करने लगा। चिल्लाने पर छोड़ कर भाग गए। महिला ने बताया कि रात लगभग 9 बजे वह पानी भरने के लिए पास में लगे सरकारी हैंडपंप पर गई। वही जेठ अपने दो अन्य साथियों के साथ आया और बगल से एसिड (बैटरी वाला तेजाब) डाल दिया। वह झुलस जाने से चीखने लगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने के बाद जिला चिकित्सालय गई। वहां इलाज हो रहा है। थानाध्यक्ष शेर सिंह राजपूत ने बताया कि जेठ व उसके एक दोस्त को पकड़ा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई
है।