कानपुर देहात। माती स्थित कोर्ट परिसर से 12 फरवरी को फरार तेजाब कांड का फरार आरोपी अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा। फरार होने के बाद उसने झांसी जिले में एक ट्रक चालक के मोबाइल से अपने भाई को काल की थी। इस पर पुलिस की एक टीम उसकी तलाश में झांसी रवाना हो गई है।
डेरापुर कस्बे के मडनापुर गांव निवासी अंकित पर सिकंदरा थाने में तेजाब फेंकने की रिपोर्ट 11 फरवरी को दर्ज की गई थी। उसने सिकंदरा के बिराहना चौराहे में खड़ी बस में सवार भाभी पूजा पर तेजाब डाल दिया था। उसका कानपुर में इलाज चल रहा है। 12 फरवरी को सिकंदरा थाने से दरोगा रामकिशोर, सिपाही मोहित व पीआरडी जवान मुकेश उसे लेकर कोर्ट गए थे। वहां दरोगा उसे रिमांड पर लेने की कार्रवाई में व्यस्त हो गए। सिपाही व पीआरडी जवान की लापरवाही से वह कोर्ट परिसर से हथकड़ी समेत भाग गया था।
एसपी केशव कुमार चौधरी ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छह टीमें लगाई हैं। सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। शनिवार को उसने झांसी में एक ट्रक चालक के मोबाइल से भाई के नंबर पर काल की। भाई से बात होने के बाद उसकी लोकेशन झांसी में मिली। स्वाट टीम उसकी तलाश में झांसी गई है। अकबरपुर व सिकंदरा थाने के अलावा डेरापुर व रूरा थानों की पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। मामले में लापरवाही करने पर दरोगा रामकिशोर व सिपाही मोहित को निलंबित हो चुका है। पीआरडी जवान मुकेश पर कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिखा गया था। एसपी ने बताया कि पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।