घटना की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा व पीछे खड़े आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद में डीजे पर डांस करने के विवाद में रविवार की रात लगभग 12 बजे पुरानी घटिया में एक कांवरिये को गोली मारकर गुत्थमगुत्था के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए भाग गए। पुलिस ने घायल को लोहिया अस्पताल से सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव हरसिंगपुर गोवा निवासी पान सिंह का 35 वर्षीय बेटा विजय यादव गांव के लोगों के साथ ट्रैक्टर ट्राली व साइकिल से कांवर लेकर पांचाल घाट गंगा जल भरने जा रहा था। ट्रैक्टर ट्राली पर डीजे बज रहा था। शहर के घुमना पर रविवार की देर रात कुछ दबंग ट्रॉली पर चढ़कर डांस करने लगे। साइकिल से चल रहे विजय व अन्य कांवरियों ने इसका विरोध किया। इसपर दबंग मारपीट पर आमादा हो गए। यह देख विजय यादव व अन्य कांवरियों ने दोनों को पीटकर भगा दिया।
पुरानी घटिया के पास विजय गंगाजल भरकर आ रहा था
सीएमएस से पूछताछ करते सीमएओ
- फोटो : अमर उजाला
कांवरिये ट्रैक्टर ट्राली लेकर पांचाल घाट पहुंच गए। वहां पुरानी घटिया के पास विजय गंगाजल भरकर आ रहा था। तभी बाइकों से आए दोनों दबंग मारपीट करने लगे और विजय को पहचानकर गोली मार दी। गोली सीने में लगने से वह लहूलुहान हो गया। गोली चलने से वहां भगदड़ मच गई। कांवरियों की दबंगों से गुत्थमगुत्था हो गई, लेकिन दबंग फायरिंग करते हुए वहां से भाग गए।
पांचाल घाट चौकी इंचार्ज रामसनेही फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। विजय को लोहिया अस्पताल भेज दिया गया। साथी कांवरिये भी लोहिया अस्पताल पहुंच गए। वहां तनाव की स्थिति को देखते हुए थाना मऊदरावाज, शहर व फतेहगढ़ से भी फोर्स पहुंच गया। जानकारी मिलने पर डीएम, एसपी व एएसपी लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कांवरियों से घटना के संदर्भ में पूछताछ की। विजय के छोटे भाई अवधेश ने शहर के मोहल्ला मदारवाड़ी निवासी आतिश उर्फ चउआ पुत्र सुनील कनौजिया व पुरानी घटिया निवासी गोपाल उर्फ पंडित पुत्र सुभाष चंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने घुमना पर दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे आदि की मदद से दोनों की पहचान कर दोनों को लाल गेट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन कारतूस व एक बाइक बरामद की गई है।