कानपुर में हिंसा की तस्वीर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुई हिंसा के आरोपियों से नुकसान की भरपाई के लिए वसूली का सिलसिला शुरू हो गया। सिटी मजिस्ट्रेट की नोटिस पर सोमवार को बेकनगंज थाने के छह आरोपियों ने 80856 रुपये की पहली किश्त जमा की।
20-21 दिसंबर को यतीमखाना और बाबूपुरवा में हुई हिंसा में उपद्रवियों ने पब्लिक और सरकारी संपत्तियों को आग के हवाले कर दिया था। पत्थरबाजी में दर्जनों गाड़ियां टूटी थी। सरकार ने इस नुकसान की भरपाई उपद्रवियों से करने का निर्देश दिया था।
इसके लिए बनी कमेटी ने यतीमखाना में 2 लाख 80 हजार रुपये के नुकसान का आकलन करके वसूली का नोटिस 21 लोगों को जारी किया था। नोटिस की सूची में शामिल बेकनगंज निवासी यासीन, नौबस्ता निवासी मोहम्मद अरमान, बेकनगंज निवासी गुरगुट, इरफान, लियाकत और दिलशाद ने मिलकर 80856 रुपये का चेक सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में जमा कर दिया।