मुन्ना बजरंगी का हत्यारोपी सुनील राठी भेजा गया बागपत
यूपी के फर्रुखाबाद में वीडियो कांफ्रेंसिंग कनेक्ट न होने से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद माफिया सुनील राठी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में पेशी के लिए बागपत व दिल्ली भेजा गया है। दिल्ली में उसकी सोमवार को पेशी है। इसके बाद मंगलवार को बागपत में फिर एक मामले में उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
माफिया मुन्ना बजरंगी की हत्या का आरोपी सुनील राठी को पिछले दिनों बागपत जेल से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई थी। मामला हाईप्रोफाइल होने से सुरक्षा आदि के चलते सुनील राठी की पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग से आदलत में कराई जा रही थी।
शनिवार को उसे गैंगेस्टर के आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने के मामले में बागपत की अदालत में पेश होना था। लेकिन किसी गड़बड़ी की वजह से वीडियो कांफ्रेंसिंग नहीं हो पा रही थी। इसके चलते जेल प्रशासन को शुक्रवार को सुनील राठी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बागपत भेजना पड़ा। शनिवार को उसे बागपत की अदालत में पेश किया गया।