चकरनगर। एक युवक ने बीमार गोवंश का 18 सितंबर को वीडियो बना वायरल कर दिया था। वीडियो में हरौली बहादुरपुर गोशाला के गोवंश होने की बात कही जा रही है। गोवंश के टैग से उसके मालिक की पहचान की गई। जांच में गोशाला बदनाम करने के लिए वीडियो वायरल करने की बात सामने आई है। ग्राम प्रधान और सचिव ने युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
18 सितंबर को गोशाला के पास बीहड़ में टैग लगी एक बीमार गाय भूख-प्यास से तड़पती मिली थी। एक युवक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। आरोप लगाया कि यहां दाना, पानी और हरा चारा नहीं दिया जा रहा। बीमार गाेवंश को बाहर छोड़ दिया जाता है। वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया और बीमार गोवंश को जंगल से उठाकर गोशाला में भर्ती कराया, जहां पशु चिकित्सकों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया। जांच के दौरान सचिव ने बीमार गोवंश के टैग की पहचान कराई। जांच में गोवंश संजीव कुमार चौबे निवासी हरौली के नाम पर पंजीकृत निकला। ग्राम प्रधान मनीष दीक्षित ने बताया कि गांव के कुछ लोग आए दिन झूठी शिकायतें करके गोशाला की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। वीडियो के जरिए उन्हें और गोशाला को बदनाम करने की कोशिश की गई। ग्राम प्रधान और सचिव ने इस मामले में भरेह थाने में तहरीर दी है। एसडीएम चकरनगर ब्रह्मानंद कठेरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बीमार गोवंश का उपचार गोशाला में कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी युवक का कहना है कि उसे टैग की जानकारी नहीं थी।