यूपी के हरदोई जिले में शांतिभंग की आशंका में चालान के बाद एसडीएम कोर्ट में पेशी के लिए ले जाते समय आरोपी युवक सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि युवक को हिरासत में लिया गया था, लेकिन चालान के लिए नहीं भेजा गया था।
मामला पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम भुलभुलागंज का है। बुधवार की दोपहर गांव निवासी फूल सिंह की मारपीट गांव निवासी सर्वेश की पत्नी मीना से हो गई थी। घटना की जानकारी यूपी 100 गांव पहुंची और सर्वेश व फूल सिंह को हिरासत में लेकर पचदेवरा थाने आ गई। बुधवार की शाम थाने में तैनात सिपाही बृजेंद्र के साथ बाइक से फूल सिंह को शाहाबाद उपजिलाधिकारी के न्यायालय में पेश करने ले जा रहे थे, जबकि सर्वेश को एक दूसरी बाइक से होमगार्ड लेकर जा रहे थे। रास्ते में अनंगपुर पंचवटी मेला में भीड़ होने पर सिपाही बृजेंद्र ने बाइक रोकी, इसी का फायदा उठाकर फूल सिंह मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी सिपाही ने प्रभारी निरीक्षक जीतेंद्र मोहन सरोज को दी। प्रभारी निरीक्षक जीतेंद्र मोहन सरोज का कहना है कि बुधवार को फूल सिंह और सर्वेश को थाने लाया गया था, समझौता कर दोनों को छोड़ दिया गया था। दूसरी ओर सीओ शाहाबाद उमाशंकर सिंह ने घटना की जानकारी होने से इंकार किया है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है। अब पता चला है तो पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी।