कानपुर। चकेरी से सात दिन पहले लापता हुए युवक का शव महाराजपुर के रूमा में कुएं से मिलने के बाद सोमवार को परिजन ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर उसकी शिनाख्त की है। परिजन ने युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस युवक के नशे का आदी होने और शराब के नशे में ही कुएं में गिरने की सफाई दे रही है। परिजन ने चकेरी पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
चकेरी मोड़ निवासी हर्षित उर्फ छोटू यादव (32) मजदूरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी अनीता देवी, बेटे राघव और गौरव हैं। बड़े भाई जय ने बताया कि दिवाली के अगले दिन नौ नवंबर को हर्षित सुबह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार 10 नवंबर को चकेरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस ने हर्षित को ढूंढने का प्रयास नहीं किया। पुलिस ने शराबी बताकर खुद ही घर लौट आने की बात कही। परिजन 13 नवंबर को जब चकेरी थाने पहुंचे तब एक दरोगा और एक सिपाही हर्षित के घर पहुंचे और परिजन से ही पूछताछ कर लौट गए। इधर, 15 नवंबर को हर्षित का शव महाराजपुर के रूमा में कुएं में पड़ा मिला। बड़े भाई जय ने बताया कि हर्षित की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नशेबाजी से परेशान पत्नी चली गई थी मायके
पुलिस के मुताबिक हर्षित शराब अधिक पीता था। जिस वजह से दोनों में झगड़ा होता था। अनीता देवी बीते चार नवंबर को अपने मायके गाजीपुर चली गई थी लेकिन पति के लापता होने की खबर पाकर वह 10 नवंबर को वापस घर आ गई थी।
कोट:
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चकेरी पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोप की जांच कराई जाएगी। अगर किसी का दोष पाया जाएगा तो कार्रवाई की जाएगी।
- शिवा सिंह, एडीसीपी पूर्वी