चकरनगर (इटावा)। चिकित्सा शिविर में परीक्षण कराकर घर लौट रहे पति-पत्नी की बगैर हेलमेट बाइक से सफर ने जान ले ली। रविवार को मानपुरा गांव के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
रमपुरा गांव निवासी किसान राजकिशोर उर्फ रामू (26) पत्नी कुसमा देवी (24) के साथ मोटरसाइकिल पर ग्राम राजपुर में लगे नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में परीक्षण कराने आए थे। परीक्षण कराने के बाद वे चकरनगर की ओर जा रहे थे। मानपुरा के पास पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की टक्कर से पति-पत्नी काफी दूर तक बाइक सहित घिसटते चले गए।
राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजकिशोर के दो पुत्र हैं जिसमें बड़े पुत्र गौरव की उम्र करीब पांच वर्ष है और छोटा पुत्र शिवा ढाई वर्ष का है। थानाध्यक्ष चकरनगर बलराज शाही का कहना है कि हेलमेट न लगाना दंपति की मौत का सबब बन गया। कार चालक का पता लगाया जा रहा है।