कानपुर में सड़क हादसा, दो दोस्तों की मौके पर मौत
- फोटो : गूगल
कानपुर के स्वरूपनगर में हैलट नहरिया के पास रविवार दोपहर हाथ में फंसे हेलमेट व सामने से कुत्ते के आने से बाइक सवार दोस्त डिवाइडर से टकरा गए। खून से लथपथ दोनों 25 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे। किसी ने उनकी मदद नहीं की।
स्वरूपनगर पुलिस ने दोनों को हैलट पहुंचाया। तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। मूलरूप से आजमगढ़ के गोपालगंज निवासी गोविंद (25) हैलट में संविदा पर काम करता था। शनिवार रात वह बिल्हौर के बछना गांव निवासी अपने दोस्त सुमित सविता (25) के घर पर किसी के बर्थडे पार्टी में गया था।
रविवार को दोनों बाइक से पहले श्याम नगर आए। फिर यहां से हैलट जा रहे थे। हैलट नहरिया के पास सामने से कुत्ते के आने व चालक के हाथ में फंसे हेलमेट से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वरूपनगर पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक 25 मिनट तक किसी ने घायलों की मदद नहीं की। अगर समय से दोनों अस्पताल पहुंच जाते तो शायद उनकी जान बच जाती। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।