नवाबगंज थाना क्षेत्र में गंगाबैराज मार्ग पर सोमवार सुबह सवारियों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अंधे मोड़ पर कोहरे के बीच साइकिल सवार को बचाने में बेकाबू होकर पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से चालक समेत 10 लोग घायल हो गए। राहगीरों ने सभी घायलों को पुलिस की मदद से एंबुलेंस से हैलट भेजा जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
नवाबगंज इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि उन्नाव के कोतवाली गंगाघाट के शंकरपुर सरायं गांव के रहने वाले अरविंद (20), गोविंद (29), अनुज (19), सौरभ (14), सनी (18), रोहित (16), ढुलियाखेड़ा निवासी सचिन (25) व दो अन्य गांव के ही ट्रैक्टर चालक अमन यादव (25) के साथ सोमवार सुबह करीब सात बजे अटल घाट पर स्नान करने के बाद विकासनगर स्थित मेट्रो में मजदूरी करने जाने वाले थे। उन्नाव की तरफ से आने पर नवाबगंज चौकी के आगे अटल घाट के अंधे मोड़ पर पहुंचे ही थे कि सामने साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में चालक ने ब्रेक लगाया जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक समेत 10 लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। कोहरे के बीच चीखपुकार सुनकर राहगीरों ने कड़ी मशक्कत कर एक-एक घायल को बाहर निकाला। इंस्पेक्टर ने बताया कि कुछ लोग उपचार के बाद घर चले गए। हादसे में तीन लोग ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बैराज पर जाम लग गया। क्रेन की मदद से पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को किनारे कराया।
अंधे मोड़ पर हो चुके कई हादसे
अटल घाट से पहले जिस अंधे मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी। उस स्थान पर पूर्व में कई हादसों में लोग अपनी जान गवां चुके हैं। हादसे के बाद वहां से गुजरने वाले लोगों का कहना था कि करबला की ओर से तेज रफ्तार मेें आने वाले वाहन और बैराज से करबला की ओर जाने वाले वाहनों में अक्सर भिड़ंत होती है। इस कारण प्वाइंट ब्लैक स्पॉट कहा जाता है।