जालौन में गोद भराई की रस्म कर गांव जाते समय बोलेरो सवारों की गाड़ी में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने मंगलवार को सीधी टक्कर मार दी। इससे बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। बोलेरो सवार युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग चुटहिल हो गए। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हमीरपुर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र के गांव बसरिया निवासी द्रगपाल सिंह(35) पुत्र मान सिंह अपने सात अन्य साथियाें के साथ कदौरा थाना के गांव परौसा में किसी की गोद भराई रस्म में शामिल होने के लिए आया था। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे सभी लोग बोलेरो में सवार होकर वापस गांव जा रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने बोलेरो में टक्कर मार दी।
इससे बोलेरोे सवार द्रगपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सात अन्य लोग चुटहिल हो गए जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां उनको प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।