बिल्हौर (कानपुर)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर अरौल कस्बे के पास सोमवार देररात दिल्ली से लखनऊ होते हुए गोरखपुर की ओर जा रहे कार सवार दंपत्ति को पीछे से आई एक दूसरी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। पीड़ित पति ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली इंस्पेक्टर संतोष अवस्थी ने बताया कि सोमवार देररात दिल्ली से लखनऊ की ओर जा रहे जय नारायण पुत्र मोती यादव निवासी गांव विजई, पोस्ट बिशनपुरराजा, थाना गोला बाजार, गोरखपुर अपनी पत्नी अंजू यादव (40) के साथ कार से गोरखपुर जा रहे थे। तभी रात 1:30 बजे अरौल टोल प्लाजा के पास पत्नी अंजू की तबियत बिगड़ गई।
उल्टी होने पर जयनारायण ने कार एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ा कर दी। जयनारायण की माने तो पत्नी ने जैसे ही कार का दरवाजा खोला वैसे ही पीछे से आ रही दूसरी तेज रफ्तार कार ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
पलक झपकते ही कार पत्नी के ऊपर से गुजर गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना देकर अंजू को उपचार के लिए बिल्हौर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में लिया है।