पहाड़ीपुर के छुईया नाले के पास पलटा पड़ा ट्रक।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। पहाड़ीपुर गांव के पास स्कार्पियों व ट्रक में टक्कर होने के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरे। ट्रक चालक केबिन में फंस जाने से घायल हो गया। हालांकि, बाद में उसे परिजनों ने केबिन से निकालकर अस्पताल में भर्ती करा दिया।
रसूलाबाद कस्बे के शास्त्री नगर मोहल्ला निवासी ट्रक चालक संजीव यादव ने बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे कानपुर से अनाज लदा ट्रक लेकर रसूलाबाद जा रहा था। तभी पहाड़ीपुर व अंगदपुर गांव के बीच छुइया नाले के पास दूसरी तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो से टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरे। इससे संजीव ट्रक के केबिन में फंस गया। इस दौरान उसने परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने उसे केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उपचार के लिए उसे सीएचसी रसूलाबाद में भर्ती कराया। वहीं, स्कार्पियो सवार बाल-बाल बच गए। गाड़ी को सीधा कर मौके से फरार हो गए। इंस्पेक्टर शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी है। घायल का उपचार किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।