कानपुर देहात जिले के अकबरपुर कोतवाली में रखी शराब देखते डीएम डा दिनेश चंद्र व एसपी केशव कुमार चौध
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। लखनऊ एसटीएफ ने अकबरपुर पुलिस के साथ मिलकर गुरुवार की रात 310 पेटी शराब लेकर जा रही डीसीएम को बारा टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया। डीसीएम चालक व खलासी पर अवैध शराब तस्करी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाजार में शराब की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। अवैध शराब पलवल, हरियाणा से बिहार ले जा रहे थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए शराब तस्कर चूनी चोकर की बिल्टी बनवाए थे।
हरियाणा के पलवल से अंग्रेजी शराब की तस्करी लंबे समय से हो रही है। गुरुवार रात एसटीएफ लखनऊ के सीओ लालप्रताप सिंह को शराब की खेप आने की भनक लगी। उन्होंने एसटीएफ इंस्पेक्टर पंकज कुमार सिंह के साथ शराब लदी डीसीएम का पीछा किया। शराब माफियाओं को जानकारी होने पर रूट बदल कर भागने की कोशिश की। टीम ने एसपी केशव कुमार चौधरी को सूचना दी। अकबरपुर पुलिस व आबकारी टीम भी लग गई। संयुक्त रुप से सभी टीमों ने मिलकर बारा टोल के पास डीसीएम को पकड़ लिया। चालक ने चूनी चोकर की बिल्टी दिखाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
तलाशी में डीसीएम में मैकडावल व्हिस्की हरियाणा ब्रांड 375 मिलीलीटर की 65 पेटी, मैकडावल नंबर वन सुपीरियर व्हिस्की 180 एमएल की 70 पेटी, इंप्रीरियर ब्लू ग्रेन विस्की 375 एमएल की 65 पेटी, 180 एमएल की 70 पेटी, कोपेन हैगेन डेनमार्क टोबर्ग प्रीमियर बीयर 500 एमएल की 40 पेटी बरामद हुई। शराब व डीसीएम को कब्जे में लेकर पुलिस कोतवाली ले गई। शराब लेकर जा रहे डीसीएम चालक संजय कालोनी फरीदाबाद हरियाणा निवासी अकबर व सहयोगी हरीनगर डुम्मा गुड़गांव हरियाणा के रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। डीएम डा. दिनेश चंद्र व एसपी केशव कुमार चौधरी कोतवाली पहुंचे। आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। दोनों युवकों पर शराब तस्करी की रिपोर्ट दर्ज की गई। शुक्रवार को दोनों को जेल भेजा गया।
एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि पलवल हरियाणा से 310 पेटी अंग्रेजी शराब बिहार ले जाने के दौरान दो लोगों को पकड़ा गया है। शराब की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। पकड़े दोनों युवकों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पंचायत चुनाव में शराब माफियाओं के सक्रिय होने की आशंका पर हाईवे में अवैध शराब की तस्करी को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।