घटना स्थल पर लगा जाम, मौजूद पुलिस व ग्रामीण।
- फोटो : AKBARPUR
डेरापुर (कानपुर देहात)। कस्बे के रतनियापुर गांव के पास बाइक सवार ससुर दामाद को सामने से आए रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ससुर की मौके पर मौत हो गई, जबकि दामाद जख्मी हो गया। हादसे में दो राहगीर भी घायल हो गए। घटना से नाराज लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम और पुलिस ने परिजनों को समझाकर सवा घंटे बाद जाम खुलवाया। बाइक सवार खाद लेकर गांव जा रहे थे। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
शनिवार को भूपतियापुर गांव निवासी शिवकुमार (45) अपने दामाद पूरन सिंह के साथ बाइक से रतनियापुर बाजार से खाद लेकर गांव वापस जा रहा था। बाइक पूरन चला रहा था। रतनियापुर गांव के मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूरन सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के दौरान ट्रक व बाइक की चपेट में आने से पैदल जा रहे भूपतियापुर गांव के रामनरेश उर्फ चैतू (60) और अशोक कुमार (35) घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों की सीएचसी भेजा। वहां चिकित्साधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद रामनरेश व अशोक कुमार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजनों ने हंगामा काटते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
जानकारी पर एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी, सीओ सिकंदरा राजाराम, तहसीलदार लाल सिंह, थाना प्रभारी समीर कुमार सिंह, मंगलपुर थाना प्रभारी आमोद कुमार सिंह, सिकंदरा एसओ राम बहादुर पाल भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम व पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। हंगामे के चलते करीब एक घंटे बीस मिनट जाम लगा रहा। इससे डेरापुर-मंगलपुर मार्ग पर आवागमन ठप रहा। वाहन चालक अन्य संपर्क मार्गों से होकर निकलते रहे। थाना प्रभारी समीर कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे पंकज की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार्रवाई की जाएगी।