घटना के बावत जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। कंचौसी रोड पर बान गांव में अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल में टकरा गई। बाइक सवार किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। झींझक सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हेलमेट न लगाए होने से किसान के सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसी वजह से मौत होना बताया जा रहा है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के गंज गांव निवासी किसान विजय (45) शुक्रवार को बाइक से झींझक-कंचौसी रोड से औरैया जिले के गलुआपुर रिश्तेदारी में जा रहा था। तभी अनियंत्रित होकर बाइक बान गांव में सड़क किनारे लगे घरेलू लाइन के पोल से टकरा गई। इससे विजय के सिर में गंभीर चोट आ गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से झींझक सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने विजय को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी संगीता उर्फ मालती, पुत्र रामजी व पुत्री खुशबू का रो-रो कर बुरा हाल रहा। भतीजे मनीष पाल ने बताया कि चाचा बाइक से गलुआपुर औरैया रिश्तेदारी में जा रहे थे। तभी रास्ते में हादसा हो गया। मंगलपुर थाना प्रभारी आमोद कुमार ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। (संवाद)
विजय का फाइल फोटो।- फोटो : AKBARPUR