घायल को अस्पताल ले जाती एंबुलेंस कर्मी।
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर (कानपुर देहात)। मंगलवार को जैनपुर गांव के सामने तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के बुधौली गांव निवासी किसान राकेश कुमार, बेटे मोहित के साथ बाइक से मंगलवार को भोगनीपुर जा रहे थे। बाइक चालक मोहित हेलमेट लगाए था। राजपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव के पास मुगल रोड पर भोगनीपुर की ओर से आ रही सवारियों से भरी मैजिक ने बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
दोनों छिटक कर दूर जा गिरे और पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में भर्ती कराया गया। वहां डॉ. प्रियंक तिवारी ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मैजिक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर रामप्रकाश ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
एंबुलेंस कर्मियों ने पेश की ईमानदारी की मिशाल
राजपुर। थाना क्षेत्र के जैनपुर के पास हुई घटना में सबसे पहले एंबुलेंस पहुंची। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल लाते समय घायल मोहित की जेब में बीस हजार व पिता राकेश की जेब से चार हजार रुपये निकले। उसे एंबुलेंस चालक अंशुल ईएमटी धर्मपाल ने घायल के भाई धीरेंद्र को दे दिए। (संवाद)