डेरापुर में लकड़ी की पेटी से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : AKBARPUR
डेरापुर (कानपुर देहात)। रविवार को मुंगीसापुर-डेरापुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर लाडपुर पैड गांव के किनारे रखी दुकान से टकराकर पलट गई। हादसे में दुकानदार व दो ग्राहक घायल हो गए। चालक व सवार दो युवक कार छोड़कर भाग गए।
लाडपुर पैड निवासी सुरेश का बेटा सचिन (19) गांव में सड़क किनारे पेटी में पान मसाला की दुकान किए है। रविवार शाम मुंगीसापुर की ओर से आ रही बिना नंबर की कार बेकाबू होकर दुकान से टकराकर पलट गई।
जोरदार धमाका होने पर गांव के लोग दौड़ पड़े। हादसे में सचिन, ग्राहक गांव के ही शनि व अवनीश घायल हो गए। पेटी दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। इधर हादसा होने के बाद चालक व उसके दो साथी कार छोड़कर फरार हो गए। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार कब्जे में ली है। थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्र ने बताया कि घायलों को सीएचसी भेजा गया है। कार मालिक व चालक के बारे में जानकारी कराई जा रही है।