परमेश्वर की मौत पर परिजनों से जानकारी लेते तहसीलदार।
- फोटो : AKBARPUR
संदलपुर (कानपुर देहात)। गांव गढ़िया सिकंदरा और भंदेमउ में बुधवार दोपहर तेज बारिश के समय बिजली गिरने से युवती और युवक की मौत हो गई। तहसीलदार ने दोनों मृतकों के परिजनों से मिलकर आर्थिक मदद का भरोसा दिया है।
गढ़िया सिकंदरा निवासी योगेश कुमार की पत्नी मधु (40) मक्का की फसल की रखवाली कर रही थी। तभी बारिश के दौरान बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। खेत में मौजूद बेटे निहाल को उसने बारिश से पहले घर भेज दिया था। जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मां की मौत पर बेटी कोमल, बेटे नितिन व निहाल का रोकर बुरा हाल हो गया।
चौकी प्रभारी संदलपुर उमेश चंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। भंदेमउ गांव निवासी परमेश्वर (20) खेतों में बकरियां चरा रहा था। बिजली गिरने से वह झुलस गया। परिजन उसे हवासपुर सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत पर मां राजकुमारी बेसुध हो गई।
दरोगा अरुण कुमार सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी पर तहसीलदार सिकंदरा लखनलाल राजपूत ने दोनों के परिजनों से मिलकर सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। वहीं, मुर्री तिश्ती गांव में लज्जाराम की भैंस बिजली गिरने से मर गई। एसडीएम अंजू वर्मा ने बताया कि पीड़ित को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।