डेरापुर (कानपुर देहात)। कानपुर-इटावा हाईवे पर गुरुवार रात कांधी ओवर ब्रिज के पास अचानक आए सांड़ से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार कानपुर बिठूर निवासी गोविंद कुमार (35) की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था। हेलमेट बाइक में पीछे की तरफ टंगा मिला।
बिठूर के चिड़ीद्वार वार्ड नंबर सात निवासी बालकराम का पुत्र गोविंद कुमार बिठूर में सफाई कर्मी था। उसकी ससुराल सिकंदरा में है। गुरुवार को वह बाइक से ससुराल आया था। देर रात वह घर वापस जा रहा था। कांधी ओवर ब्रिज के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक सामने आए सांड़ से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल गोविंद कुमार को जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया। कांधी चौकी प्रभारी जीतमल ने बताया कि गोविंद के सिर में गंभीर चोट आई थी। वह हेलमेट नहीं लगाए था। बाइक के पीछे हेलमेट बंधा था।
करंट से वृद्धा मरी, बहू झुलसी
झींझक। जरहुली गांव में शुक्रवार सुबह लोहे के गेट के ऊपर से निकला विद्युत तार शार्ट हो जाने से गेट में उतरे करंट की चपेट में आकर रामवती (65) की मौत हो गई। बचाने आई बहू रेशमा झुलस गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती करया गया है।
केदार की पत्नी रामवती रसोई में खाना बना रही थी। रसोई में नमक का डिब्बा खाली देख वह कमरे में रखा नमक लेने गई थी। वापस आने के दौरान लोहे के गेट को छू लिया। करंट से वह गेट में चिपक गई। उसकी चीख सुनकर बहू रेशमा पहुंची और बचाने की कोशिश की तो वह भी करंट से झुलस गई। इसके बाद पहुंचे अन्य परिजनों ने मेन स्विच को बंद किया। इससे पहले रामवती की मौत हो गई। मां की मौत पर बेटा रामचंद्र, प्रेमचंद्र व शिव कुमार रोने-बिलखने लगे।
ट्रेन की चपेट में आकर दो लोग मरे
रूरा। दो स्थानों पर ट्रेन से कटकर दो लोगों की मौत हो गई। रेलवे पूर्वी केबिन के पास गुरुवार देर शाम मालगाड़ी की चपेट में आकर शिवाजी नगर निवासी अजय सिंह (20) की मौत हो गई। काफी दिनों से अवसाद में होने के कारण युवक के आत्महत्या करने की आशंका जताई गई है। अजय फरीदाबाद की एक फैक्टरी में काम करता था। लॉकडाउन से पहले ही वह घर आ गया था। इसके बाद फरीदाबाद नहीं गया था। परिजनों के अनुसार अजय अवसाद में था। काफी दिनों से गुमसुम रहता था। पूर्वी रेलवे केबिन के पास डाउन लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आकर एक युवक कटने की सूचना चालक ने स्टेशन मास्टर ज्ञानेंद्र पांडेय को दी। स्टेशन मास्टर ने जीआरपी झींझक को जानकारी दी। जीआरपी के एसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शिवाजी नगर निवासी दीपू ने शव की शिनाख्त भतीजे अजय सिंह के तौर पर की। अजय की मौत पर पिता जितेंद्र, मां विभा व छोटा भाई अभय रोने-बिलखने लगे। उधर, रायपुर गांव के निकट डाउन रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा। मौके पर पहुंचे पप्पू ने शव की शिनाख्त चचेरे भाई वीरेंद्र के तौर पर की। उसने पुलिस को बताया कि वीरेंद्र अविवाहित था। वह रेलवे ट्रैक की दूसरी ओर खेत होने से फसल देखने गया था। आशंका जताई कि इसी दौरान वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गया।
छत से गिरकर युवक की मौत
शिवली। रायपुर गांव में छत से गिरकर गोविंद (25) की मौत हो गई। वह लघु शंका के लिए उठा था।
गोविंद ड्राइवर था। गुरुवार शाम वह खाना खाकर छत पर सोने गया था। छोटे भाई गोपाल ने पुलिस को बताया कि छत पर रेलिंग नहीं है। गोविंद रात में लघुशंका के लिए उठा और असंतुलित होकर नीचे फर्श पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने की तैयारी के बीच उसने दम तोड़ दिया।