कानपुर। दो लड़कों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद विजयनगर हॉटस्पॉट हो गया है। दोनों लड़के चचेरे भाई हैं। एक लड़के के दादी और पिता की मौत बीमारी के चलते इसी पखवाड़े में घर पर ही हुई थी। अब बेटा भी जांच में पॉजिटिव मिला। आशंका है कि उसके पिता और दादी भी कोरोना संक्रमित रहे होंगे लेकिन उनकी जांच नहीं हो सकी। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने उस गली को सील कर दिया है, जहां कोरोना संक्रमित मिले हैं।
विजयनगर में पहली बार कोरोना के संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित लड़कों के घर वालों को क्वारंटीन कर दिया है। साथ ही उनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। अभी तक संक्रमण स्रोत का पता नहीं चला है। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला का कहना है कि लॉकडाउन खुला है लेकिन एहतियात के साथ बाहर निकलें। काम हो, तभी बाहर जाएं। मास्क जरूर लगाए रहें।