पांडु नदी पु ल के पास खड्ड़ में पलटा पड़ा ट्रैक्टर व ट्रॉली।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। बुधवार शाम गेहूं लादकर शिवली की तरफ आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पांडु नदी पुल के पास खड्ड में पलट गया। इसमें दबकर एक पल्लेदार की मौत हो गई। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य पल्लेदारों को मामूली चोट आई है।
छुनुवा गुप्ता गल्ले का काम करते हैं। बुधवार शाम उनके ट्रैक्टर से चालक राम नरेश यादव गेहूं की बोरियां लादकर चौबेपुर रोड से शिवली आ रहा था। तभी पांडु नदी पुल के पास खड्ड में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। उसके नीचे शिवली निवासी चालक राम नरेश, ट्रैक्टर पर सवार कस्बे के ही पल्लेदार सोनू कठेरिया उर्फ शशिकांत (35), शिव नारायन और लल्लू दब गए।
पुलिस ने दबे लोगों को बाहर निकलवाया। घायलों को शिवली सीएचसी भेजा गया। वहां सोनू कठेरिया उर्फ शशिकांत को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायल चालक को परिजन इलाज के लिए कानपुर ले गए। पल्लेदार शिव नारायन व लल्लू मामूली घायल हो गए। शिवली कोतवाल ने कहा कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष अवधेश शुक्ला अस्पताल पहुंचे।