रूरा (कानपुर देहात)। दिल्ली से श्रमिक स्पेशल ट्रेन से भाइयों के साथ लौट रही सचेंडी इटरा निवासी अंशी दीक्षित (25) ट्रेन धीमी होने पर कूद गई। दायां पैर पायदान में फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गई। कानपुर के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
राजेश कुमार दीक्षित की बेटी अंशी दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करती थी। सगे भाई दिव्यांशु व ममेरा भाई ऋषभ उससे मिलने दिल्ली गए थे। लॉकडाउन में सभी दिल्ली में फंस गए थे। श्रमिक स्पेशल ट्रेन से तीनों घर लौट रहे थे। अंशी के मामा लल्लन दुबे का घर रूरा में है। शुक्रवार सुबह आठ बजे ट्रेन रूरा स्टेशन पहुंची।
प्लेटफार्म नंबर दो से गुजर रही ट्रेन धीमी हो गई। मामा के घर चलने की सोचकर पहले ऋषभ व दिव्यांशु प्लेटफार्म पर कूद गए। पीछे से कूदी अंशी का दायां पैर पायदान में फंस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद ट्रेन भी रुक गई। आरपीएफ प्रभारी गोपाल सिंह ने अंशी को परिजनों के साथ जिला अस्पताल भेजा। वहां मां अंजू व पिता भी पहुंच गए।
डॉक्टर ने चिंताजनक हालत में उसे हैलट अस्पताल कानपुर भेज दिया। परिजन उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि सिग्नल न होने पर ट्रेन रुक रही थी। इससे पहले ही युवती कूद गई। इससे हादसा हो गया।