कानपुर। सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को चुन्नीगंज से किदवईनगर तक सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह गड्ढे और निर्माण की धीमी रफ्तार मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने का अल्टीमेटम दिया। कहा कि तय समय में काम पूरा नहीं हुआ और गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। उन्होंने 15 दिन बाद दोबारा निरीक्षण की बात कही।
सांसद ने कहा कि यह पीडब्ल्यूडी की सड़क है, जिस पर जल निगम काम करा रहा है। दोनों विभागों में समन्वय की कमी और देरी से जनता को परेशानी हो रही है। दोनों विभागों के खिलाफ शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे में पीडब्ल्यूडी की अन्य ऐसी ही सड़कों का भी निरीक्षण हो रहा है, जहां जल निगम काम करा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों की भारी बारिश से सड़कों की स्थिति और खराब हुई तथा निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। अब मौसम साफ है, इसलिए अधिकारियों को निर्धारित टाइमलाइन में काम पूरा करना होगा। उधर नगर निगम जोन-2 के एक स्कूल में गंदगी मिलने पर सांसद ने नाराजगी जताई। अधिकारियों को कार्यशैली सुधारने और नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सांसद बारादेवी भी गए, यहां जलभराव, गंदगी व बजरी देख नाराजगी जताई। जूही डिपो से किदवई नगर थाने तक सड़क की खराब स्थिति पर उन्होंने तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। अधिकारियों को नवरात्र से पहले सब सही कराने को कहा। उनके साथ विधायक महेश त्रिवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, पार्षद नीतू सिंह भी मौजूद रहे। (संवाद)