कानपुर देहात। अकबरपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। इसके बाद लाल कपड़े में वामपंथ के प्रतीकात्मक पुतले का दहन कर विरोध जताया।
शनिवार शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने अकबरपुर कस्बे के मेनरोड पर रैली निकाली। वह हाथों में तख्तियां और परिषद के झंडे लिए हुए थे। कार्यकर्ता वामपंथ मुर्दाबाद, भारत माता की जय, वंदेमातरम, के नारे लगा रहे थे। ओवर ब्रिज के नीचे पहुंचकर विभाग सह संयोजक आयुष त्रिवेदी ने कहा कि नकाबपोश वामपंथी छात्र संगठनों के लोगों ने जेएनयू में हिंसा की है। छात्रों व विद्यार्थी परिषद के छात्रों के साथ मारपीट की। बाद में आरोप विद्यार्थी परिषद पर लगाकर देश को गुमराह करने का काम किया। दिल्ली पुलिस की जांच में सच उजागर हो गया है।
हिंसा में वामपंथी छात्र संगठनों का ही हाथ था। कहा कि जेएनयू देशद्रोहियों का अड्डा बन गया है। वामपंथी छात्र संगठनों ने जेएनयू में शिक्षा का माहौल खराब कर रखा है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके बाद प्रतीकात्मक वामपंथी पुतले को आग लगा दी। इस मौके पर मयंक त्रिपाठी, गौरव शुक्ला धर्मेंद्र द्विवेदी, अभिषेक श्रीवास्तव, अनुपम अवस्थी, मंजुल शुक्ल, नितिन गुप्ता, प्रशांत अवस्थी, मनीष शुक्ल, शरद गुप्ता, प्रिंस शुक्ल, वैभव श्रीवास्तव, रजत कौशल, अमित कौशल, हरिकांत दुबे, लवकुश शुक्ल, मयंक शुक्ल, अमित श्रीवास्तव, निर्मल यादव, छोटू यादव, आयुष तिवारी, ओमजी यादव मौजूद रहे।