पुखरायां। प्रेमी के कोर्ट में शादी करने के लिए न पहुंचने व शादी से इंकार करने पर प्रेमिका ने सोमवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान दी थी। इस मामले में मृतका की मां ने प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भोगनीपुर थाना क्षेत्र के हलधरपुर निवासी माया देवी पत्नी खुशीराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को बताया कि उनकी बेटी उपासना (29) की शादी आठ वर्ष पहले हारामऊ निवासी वकील के साथ हुई थी। शादी के बाद से बेटी-दामाद में मतभेद हो गया। इस पर दो वर्ष पहले दोनों का न्यायालय से संबंध विच्छेद हो गया था। तब से बेटी उन्हीं के साथ रह रही थी। बताया कि सिखमापुर निवासी रवींद्र उसका रिश्तेदार है। इस बीच रवींद्र का उसके घर आना जाना बढ़ गया। इस पर बेटी व रवींद्र में प्रेम संबंध हो गए। दोनों शादी करना चाहते थे। कुछ दिन पहले रवींद्र काम के लिए बाहर चला गया, लेकिन दोनों में फोन पर बातचीत होती रही।
बेटी ने शादी के लिए कहा तो दोनों ने मतभेद हो गया। इस पर बेटी ने उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। जब वह शादी के लिए तैयार हुआ तो बेटी ने शिकायत वापस ले ली थी। समझौते में 22 सितंबर को माती कोर्ट में शादी करने की बात तय हुई थी। बेटी सोमवार शादी करने के लिए पिता के साथ माती कोर्ट गई। काफी इंतजार के बाद भी रवींद्र नहीं आया तो घर लौटकर आई बेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
बता दें कि उपासना को सोमवार रात परिवार के लोग गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाए थे। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मां ने प्रेमी के शादी से इन्कार करने पर बेटी द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी थी। थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर पर रवींद्र के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।