कानपुर। रावतपुर के विनायकपुर में मेडिकल स्टोर पर दवा में डिस्काउंट कराने को लेकर हुए विवाद में मेडिकल स्टोर संचालक ने साथियों के साथ मिलकर एलएलबी फर्स्ट इयर के छात्र पर चापड़ से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। हमले में युवक आंतें बाहर आ गईं। हाथ की दो अंगुलियां भी कट गई। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर तीन को गिरफ्तार किया है।
रावतपुर केशवपुरम निवासी नीलम सिंह ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे बेटा अभिजीत (22) दवा लेने मां मेडिकल स्टोर पर गया था। संचालक अमर सिंह से डिस्काउंट करने को लेकर विवाद हो गया। वहां बैठे अमर, उसके भाई विजय सिंह, प्रिंस राज श्रीवास्तव और निखिल ने अभिजीत पर चापड़ से हमला कर मरणासन्न कर दिया।
महिला का आरोप है कि रावतपुर पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के भाई विजय की तहरीर पर उल्टा अभिजीत के खिलाफ ही रंगदारी और मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दी। इधर पर घायल की हालत बिगड़ी तो पुलिस ने उसके मामा चंदन सिंह की तहरीर पर मेडिकल स्टोर संचालक अमर, विजय, निखिल, प्रिंस राज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस ने अमर, विजय व निखिल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस को घायल युवक कि कार से तमंचा मिला है। चर्चा है कि इसका बड़ा भाई भी आपराधिक प्रवृति का है। एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच कराई जा रही है जो आरोपी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।