संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर। सीसामऊ के द्वारिकापुरी चंद्रनगर में जुआ खेलने का विरोध करने पर सोमवार रात पीट-पीटकर मरणासन्न किए गए सागर वर्मा (23) की निजी अस्पताल में बुधवार तड़के माैत हो गई। पोस्टमॉर्टम में शामिल रहे डॉक्टरों ने अनुसार युवक के सिर, चेहरे व हाथों पर करीब 12 से ज्यादा चोटें हैं। हेड इंजरी से युवक कोमा में चला गया। अधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई है।
पिता सुरेश ने बताया कि रक्षाबंधन पर घर के सामने शोभित व अन्य आरोपी जुआ खेल रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने सागर को ईंट मारकर सिर फोड़ दिया था। आरोप है कि माैके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई के बजाय आगे से जुआ खेले जाने पर वीडियो बनाकर देने की बात कही थी।
कहा कि सोमवार रात बेटा 10.30 बजे ड्यूटी से घर लौटा तभी पुल्ली, शोभित, घुंतल और आदर्श शराब पिलाने के बहाने ले गए और बर्बरतापूर्वक मारपीट कर घर से 150 मीटर की दूरी पर सुलभ शौचालय के पास फेंक दिया था। सुरेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने चारों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सीसामऊ थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चूना भटिया आरकेनगर निवासी हिमांशु वर्मा उर्फ पुल्ली, चंद्रनगर किशोर का हाता निवासी शोभित वर्मा उर्फ रितिक वर्मा, सूरज उर्फ रोहित राजपूत उर्फ घुंतल व आदर्श वर्मा उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बताया कि शोभित आपराधिक प्रवृत्ति का है। उस पर सीसामऊ में चार और बजरिया में एक मुकदमा दर्ज है। वहीं सूरज, आदर्श पर दो-दो और हिमांशु पर एक मुकदमा दर्ज है।