सिकंदरा। थाना क्षेत्र के घसमऊ गांव के सामने बुधवार की देर शाम को सिकंदरा-संदलपुर सड़क पर पिकअप व बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक युवक की मौत हो गई और साथ बैठे दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस के साथ पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी भेजा गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
मंगलापुर किसोरा निवासी प्रदीप उर्फ दीपू पाल (25) अपने बड़े भाई गुड्डू (34) चचेरे भाई हरीबाबू (37) के साथ बाइक से बुधवार रात सिकंदरा की ओर आ रहे थे। तभी सिकंदरा से संदलपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने घसमऊ गांव के सामने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप उर्फ दीपू की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं बड़ा भाई गुड्डू व चचेरा भाई हरीबाबू गंभीर रूप से घायल हो गये। एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से गंभीर हालत में दोनो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दीपू ट्रक चालक था। वह बड़े भाई दिलीप के विवाह के बाद हरियाणा जा रहा था। जिन्हें उसका भाई व चचेरा भाई सिकंदरा छोड़ने आ रहे थे।
हादसे की जानकारी पर विवाह वाले घर में खुशियों के बीच गम का माहौल हो गया। मां कालिन्द्री देवी समेत अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी विद्या सागर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।