आरोपी अंकुर पाल, सागर वर्मा व आदित्य राजपूत।
- फोटो : स्रोत : पुलिस
कानपुर। पनकी पुलिस ने दिनदहाड़े डिब्बा कारोबारी के फ्लैट में घुसकर उसकी पत्नी से चेन लूटने वाले तीन बदमाशों को शुक्रवार को सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने खर्च पूरा करने के लिए कारोबारी की पत्नी को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। पुलिस पहले वारदात को संदिग्ध बता रही थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की चेन, तमंचा बरामद कर जेल भेज दिया।
डीसीपी पश्चिम आरती सिंह ने बताया कि आरोपियोें की पहचान पनकी के गंभीरपुर निवासी अंकुर पाल, औरैया के अछल्दा निवासी सागर वर्मा व रतनपुर कॉलोनी निवासी आदित्य तिवारी के रूप में हुई है। आरोपी बीते 16 अप्रैल को शिवालिक अपार्टमेंट में रहने वाले डिब्बा कारोबारी वेद प्रकाश की पत्नी भावना के सिर में तमंचा लगाकर चेन लूट लिए थे। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
पूछताछ में सागर वर्मा ने बताया कि वह कारोबारी के घर के पास ही रहता है। वह भावना को सोने की चेन पहनकर घूमते हुए देखा करता था। उसे खर्च के लिए रुपये की जरूरत थी। इसके चलते लूट की योजना बनाई। योजना में दोस्त अंकुर और आदित्या को भी शामिल कर लिया। सागर यह जानता था कि वारदात के दिन भावना घर में अकेली हैं। उसने अंकुर और आदित्य को लूटपाट के लिए फ्लैट के भीतर भेज दिया था। खुद पहचान न लिया जाए, इसलिए फ्लैट के बाहर खड़ा होकर रेकी करने लगा।
लूटपाट के दाैरान भावना ने जब आरोपियों को दूसरे जेवर और नकदी की जानकारी नहीं दी तो आदित्य ने बाहर खड़े सागर को कॉल की। इस पर सागर ने दोनों को बाहर निकलकर भाग जाने के लिए कहा था। पुलिस ने जब भावना से पूछताछ की तो यह बात पता चल गई। इस पर पुलिस की सर्विलांस टीम ने बीटीएस के जरिये कुछ संदिग्ध नंबर की जांच की तो सागर का नंबर सामने आ गया। टीम ने जब सागर को पकड़कर पूछताछ की गई तो वह टूट गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।