डेरापुर। थाना क्षेत्र के जीरेपुर गांव में इन्वर्टर साफ करते समय करंट लगने से युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। वहीं अनहोनी पर परिजन बिलखते रहे।
जीरेपुर निवासी रविकुमार (25) रविवार सुबह 10:30 बजे के करीब घर पर इन्वर्टर की सफाई कर रहे थे। इसी बीच इंवर्टर का तार से करंट लगने से वह अचेत होकर गिर पड़े। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई मनोज ने बताया कि रवि दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और दो दिन पहले ही घर आया था। अनहोनी पर पत्नी गोल्डी, मां कमला देवी, पिता रामसरन, भाई रज्जन व विनय तथा बहन मधु का रो-रोकर बुरा हाल है। रवि की एक दो वर्षीय बेटी भी है। प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।