संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर देहात। अकबरपुर थाना पुलिस ने गुरुवार दोपहर को झाड़ी बाबा मंदिर के पास चोरी की फिराक में घूम रहे दो शातिरों को घेर लिया। पुलिस ने एक शातिर को दौड़ा कर पकड़ लिया जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। पुलिस हिरासत में शातिर ने किराये के मकान में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कुबूल की है।
अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर 3:20 बजे के करीब पुलिस टीम ने नबीपुर झाडी बाबा रोड पर चोरी की फिराक में घूम रहे दो शातिरों को घेरा था। इसमें से पुलिस ने कानपुर नगर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी अमजद उर्फ हसनैन को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि उसका साथी शहबाज बाइक छोड़कर भाग निकला। तलाशी में अमजद के पास से तमंचा, दो कारतूस व दो चोरी की बाइक बरामद की है। पूछताछ में अमजद ने बताया कि वह व शहबाज मटियामऊ में किराये के मकान में रह कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
बरामद बाइकों में से एक बाइक उन दोनों ने फतेहपुर से चोरी की थी, जबकि दूसरी बाइक अकबरपुर से ही चुराई थी। गुरुवार को वह दोनों चोरी करने की फिराक में घूम रहे थे मगर पुलिस ने उसको पकड़ लिया। जबकि उसका साथी भाग निकला। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उसको जेल भेजा गया है। जबकि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।