सपाइयों ने स्टॉल लगाकर बेची चीनी
- फोटो : अमर उजाला
चीनी की बढ़ती कीमतों का विरोध करने के लिए समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव ने नया तरीका अपनाया। शनिवार को मेडिकल कॉलेज के बाहर स्टॉल लगाकर बीस रुपये किलो के हिसाब से चीनी बेची गई। शुरूआत में तो बेचने के लिए सपा नेता ने दो क्विंटल चीनी मंगाई थी, लेकिन फिर भीड़ बढ़ जाने पर एक क्विंटल और चीनी मंगाई गई। तीन सौ महिलाओं ने यहां से चीनी खरीदी।
">http://
खुले बाजार में चीनी के भाव आसमान छू रहे हैं। पिछले एक पखवारे में ही चीनी के दाम 65 रुपये के आस पास तक पहुंच गए हैं। ऐसे में जन सामान्य के लिए चीनी का इस्तेमाल टेढ़ी खीर हो गया है। चीनी की बढ़ती कीमतों पर विरोध जताने और सरकार की नाकामी जनता को बताने के उद्देश्य से सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने मेडिकल कॉलेज के बाहर स्टॉल लगाया। यहां बीस रुपये किलो के हिसाब से चीनी की बिक्री की गई।
हर खरीदार को सिर्फ एक किलो चीनी ही बेची गई। रामज्ञान गुप्ता ने दावा किया है कि रक्षाबंधन तक वह मोहल्लों मोहल्लों में जाकर बीस रुपये किलो में चीनी बेचेंगे, ताकि लोग त्योहार आसानी से मना सकें। चीनी बेचे जाने के स्टाल पर व्यापार महासभा के जिला महासचिव अवनीश यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, गिरीश गुप्ता आदि मौजूद रहे।