रूरा। दिल्ली हावड़ा रेलवे लाइन पर रूरा थाना क्षेत्र के कोकतापुर के सामने शुक्रवार सुबह एक युवक का शव डाउन ट्रैक पर पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर युवक के ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है। मृतक दिल्ली में सिलाई का काम करता था और ससुराल आ रहा था।
रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की जानकारी पर स्टेशन मास्टर रूरा विनय कुमार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी जेब में मिले फोन से नंबर निकाल परिजनों से संपर्क कर उसकी पहचान औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र के करौली निवासी स्वदेश कुशवाहा (30) के रूप में की। घटना की जानकारी पर पहुंचे भाई महेश कुशवाहा ने बताया कि स्वदेश चार वर्षों से नोएडा में पत्नी छोटी देवी के साथ सिलाई का काम करता था। उसके बच्चे नहीं थे।
गुरुवार को बात हुई थी तो उसने बताया था कि जरूरी काम के लिए ट्रेन से ससुराल मैथा आ रहा है। शुक्रवार को पुलिस से सूचना मिली कि उसके भाई की मौत हो गई है। इधर पुलिस ने ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है। अनहोनी से परिजन बिलखते रहे। थानाध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के कारणों की जांच की जाएगी।