कानपुर। कमिश्नरी पुलिस की नई एसआईटी को शिकायतें और आख्या ट्रांसफर की जा रही हैं। इस प्रक्रिया में दो दिन लग सकते हैं। सोमवार तक पुरानी टीम भी जांच में सहयोग करेगी। गवाहों और वादी के बयान लेने की प्रक्रिया जारी है।
संगठित तरीके से गिरोह बनाकर, कूटरचित दस्तावेजों से जमीन और प्रॉपटी संबंधी मामलों में खेल करने वालों के खिलाफ एसआईटी की जांच चल रही है। यह टीम पहले चरण में छेड़छाड़ और दुष्कर्म की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर एफआईआर कराने और रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ जांच कर रही है। इसमें अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उसके साथियों के खिलाफ भी जांच चल रही है। अब तक इसी जैसे कई और मामलों में 50 से अधिक शिकायतें पहुंच गई हैं। कमिश्नरी पुलिस के स्टाफ ऑफिसर राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि नई टीम को शिकायतें और आख्या ट्रांसफर की जा रही हैं। यह कई पन्नों की है जिनके दस्तावेज भी सुरक्षित किए जा रहे हैं। पुरानी टीम सोमवार तक सहयोग करेगी। शनिवार और रविवार को कुछ लोगों को बयान के लिए बुलाया गया है। (ब्यूरो)