कानपुर में दबोचा गया संदिग्ध युवक
कानपुर के तोपखाना स्थित पीली मस्जिद में नमाज के दौरान एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया है। नमाजियों और इलाकाई लोगों ने उसे पीटने के बाद मूलगंज पुलिस को सौंपा है। पुलिस के साथ ही एटीएस, मिलेट्री इंटेलीजेंस और अन्य जांच एजेंसियां उससे पूछताछ करने में जुट गई हैं। कार्यवाहक एसएसपी अनुराग आर्या का कहना है कि पकड़े गए संदिग्ध के जवाब संतोषजनक नहीं है। उससे पूछताछ की जा रही है।
तोपखाना स्थित पीली मस्जिद में गुरुवार दोपहर नमाज अदा की जा रही थी। उसी दौरान एक संदिग्ध शख्स पर नमाजियों की निगाह पड़ी। नमाजियों ने उसे पकड़ लिया। उससे पूछताछ की, लेकिन वह खुद को गूंगा और बहरा बताता रहा। इस पर नमाजियों और आसपास के लोगों ने उसे जमकर पीटा। मूलगंज एसओ शाहिद सिद्दीकी पहुंचे और युवक को हिरासत में ले लिया। थाने में कार्यवाहक एसएसपी, सीओ कोतवाली समेत तमाम अफसरों ने उससे पूछताछ की।
सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध कभी खुद को गूंगा, तो कभी बहरा दर्शाने की कोशिश करता रहा। अफसरों ने कागज पर लिखकर उससे नाम और पता पूछा। उसने लिखकर बताया कि वह गोरखपुर निवासी मोनू उर्फ पीरू है। वह गोरखपुर से लखनऊ गया था। वहां से कानपुर आया है। वह किस मकसद से शहर आया है, मस्जिद में नमाज अदा करने क्यों गया था, वह और उसके परिवार के लोग क्या करते हैं, इन सवालों के जवाब उसने संतोषजनक नहीं दिए हैं। वह खुद को मुस्लिम बता रहा है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। कार्यवाहक एसएसपी ने बताया कि संदिग्ध के पकड़े जाने की सूचना एटीएस, आईबी (इंटेलीजेंस ब्यूरो), एमआई (मिलेट्री इंटेलीजेंस), एसटीएफ और अन्य खुफिया इकाई के अफसरों को दी गई थी। सभी अफसर उससे पूछताछ कर रहे हैं।