संदलपुर। मंगलपुर थाना क्षेत्र के तल्हुआपुर से कोचिंग के लिए निकली एक छात्रा सोमवार सुबह हवासपुर के पास सड़क किनारे अचेत पड़ी मिली। परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी लाए। जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां पहुंचने पर डॉक्टर ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
तल्हुआपुर निवासी कपिल कुमार ने बताया कि बहन शालिनी (17) प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह प्रतिदिन ऑटो से संदलपुर में कोचिंग जाती थी। सोमवार सुबह वह नौ बजे के करीब घर से कोचिंग जाने की बात कह निकली थी। सुबह साढ़े दस बजे के करीब उसके अचेत अवस्था में हवासपुर के पास पड़े होने की जानकारी मिली।
परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी हवासपुर लेकर आए। यहां से डाॅ. अमित निरंजन ने हालत गंभीर बताकर कर मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। यहां उसकी मौत हो गई। अनहोनी पर पिता रामशरण, मां कोमल श्री, बहन भारती, सलोनी बिलखते रहे। इधर पुलिस ने घटना को लेकर जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष मंगलपुर महेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।