चकरनगर (इटावा)। कक्षा आठ की छात्रा ने शुक्रवार शाम शोहदे से परेशान होकर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा का सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने दो दिन पहले पुलिस से मामले की शिकायत की थी। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर गई, लेकिन वह भाग निकला।
सहसों थाना क्षेत्र के एक कस्बा निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ती है। गर्मियों की छुट्टी होने पर वह घर आई तो क्षेत्र में रहने वाला युवक उसे परेशान करने लगा। पिता का आरोप है कि घर से बाहर निकलने पर शोहदा बेटी से छेड़खानी करता था। वह फोन पर बात करने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। बेटी ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें और बेटे (छात्रा के पिता और भाई) को जान से मारने की धमकी दी। दो दिन पूर्व पुलिस से शिकायत की।
बेटी ने शोहदे की धमकियों से परेशान होकर शुक्रवार को दोपहर में तीन बजे घर के अंदर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। चीखने पर परिजनों ने गीला कंबल आदि डालकर उसे बचाया और सीएचसी लेकर पहुंचे। छात्रा को जिला अस्पताल फिर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। छात्रा की हालात नाजुक बनी हुई है।
छात्रा ने डीजल डालकर आग लगाकर जान देने की कोशिश की है। सैफई में उसका इलाज चल रहा है। परिजनों ने एक लड़के पर छात्रा को परेशान करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के बयान कराए जा रहे हैं। उसके आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- रामदमन सिंह, सीओ चकरनगर