रूरा (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के सरगांव बुजुर्ग में चलते चलते आटा चक्की फट गई। इससे पत्थर टूट कर पास खड़े किशोर को जा लगा और उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजन कार्रवाई व मुआवजे की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया। देर शाम तक शव नहीं उठने दिया।
सरगांव निवासी संजय कुमार गौतम मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार के दिलीप कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर तीन बजे के करीब संजय का छोटा बेटा मोहित गौतम (15) गांव के गंगाराम राठौर की चक्की पर बाजरा पिसाने गया था। मोहित तराजू में बोरी की तौल कराने के बाद चक्की के पास खड़ा था। वहीं कुछ अन्य लोग भी पिसाई के बाद बोरियां निकाल रहे थे। गांव का मनोज चक्की चला रहा था। इसी बीच तेज धमाके के साथ चक्की फट गई। पत्थर टूट कर बाहर निकल आए। चक्की का टूटा पत्थर पास में खड़े मोहित के सिर में जा लगा। इससे वह लहूलुहान हो गया और मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर मां उर्मिला, भाई रोहित, सोहित, आर्यन व अन्य परिजन बिलखते रहे।
जानकारी पर रूरा थाना से पुलिस जा पहुंची। परिजन लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताने लगे। साथ ही मुआवजे की मांग करते हुए शव नहीं उठने दिया। कुछ देर बाद मौके पर डेरापुर एसडीएम सुरभि शर्मा व नायब तहसीलदार जितेंद्र द्विवेदी भी पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया, परिवार के लोग शाम सात बजे मान गए। पिता ने अधिकारियों को बताया कि बेटा कक्षा नौ का छात्र था। थानाध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि घटना के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।