फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: 35 साल से सीवर और पानी को तरस रही आठ हजार की आबादी

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। बादशाहीनाका सब्जी मंडी की करीब आठ हजार आबादी पिछले 35 साल से सीवर भराव और पेयजल संकट झेल रही है। वार्ड-89 के इस इलाके में अब तक सीवर और पानी की लाइनें नहीं बिछाई गई हैं। तंग गलियों में नालियां बजबजा रही हैं और सड़क पर गंदा पानी भरने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। जलकल और नगर निगम की अनदेखी से लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
विज्ञापन

इलाके में मकान नंबर 81/54 से 81/46 और 81/51-ए से 81/171 तक सीवर और पेयजल लाइनें नहीं हैं। घरों की गंदगी सीधे नालियों में बहाई जाती है। आए दिन नालियां ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। स्थानीय निवासी सुधांशू गुप्ता, राजू कश्यप, अनिल राठौर, विशाल यादव और सुनील गुप्ता ने बताया कि लोगों को बजबजाती नालियों और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। पीने के पानी के लिए सरकारी सबमर्सिबल या पड़ोसियों के घरों का सहारा लेना पड़ता है। इससे महिलाओं को घरेलू कामकाज में परेशानी होती है। गंदगी के कारण बच्चे भी बीमार पड़ रहे हैं। तंग गलियों की सड़कें भी लंबे समय से बदहाल हैं और उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
नई लाइनें बिछाने की बनी योजना
स्थानीय निवासी सुधांशू गुप्ता ने सांसद रमेश अवस्थी को समस्या से अवगत कराया था। उनके पत्र पर नगर आयुक्त ने जलकल महाप्रबंधक को सर्वे कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जलकल जोन-1 के अधिशासी अभियंता ने रिपोर्ट सौंपी। इसमें समस्या के स्थायी समाधान के लिए 185 मीटर सीवर लाइन और 190 मीटर पीवीसी पेयजल पाइपलाइन बिछाने की जरूरत बताई गई है। इसके लिए बजट बनाकर भेज दिया गया है। वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कराया जाएगा। संवाद
विज्ञापन

बातचीत
हर घर में बच्चे बीमार
गली के लगभग हर घर के बच्चे बुखार, दस्त और उल्टी जैसी बीमारियों से परेशान हैं। नालियां गंदगी से भरने पर क्षेत्रीय विधायक के कहने के बाद ही सफाई होती है। -सुधांशू गुप्ता
पानी के लिए भटकना पड़ता
पीने के पानी के लिए भटकना पड़ता है। कुछ लोग पड़ोसियों के घरों में लगे सबमर्सिबल से पानी लेकर काम चलाते हैं। पिछले 35 साल से यही समस्या बनी हुई है। -श्रीकृष्ण कश्यप
वर्जन
अवर अभियंता चंद्रकांत मौर्य से सर्वे कराया गया था। इसमें पता चला कि तंग गलियों में पुरानी लाइनें क्षतिग्रस्त हैं और नई लाइनें बिछाने की जरूरत है। इसके लिए बजट बनाकर भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। -अमरेंद्र, अधिशासी अभियंता, जलकल जोन-1
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें