फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: उरई की मेफेड्रोन फैक्टरी में केमिकल सप्लाई करने वाला गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। फजलगंज पुलिस ने बुधवार को मेफेड्रोन ड्रग (एमडी) के साथ बाबूपुरवा निवासी रिजवान अहमद को गोविंदपुरी पुल के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद हुई जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है। रिजवान 14 दिन पहले उरई में मेफेड्रोन की फैक्टरी पकड़े जाने के बाद से एटीएस और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की रडार पर भी था।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार रिजवान फैक्टरी का साझेदार और गिरोह के सरगना मुंबई के धारावी निवासी खयामुद्दीन उर्फ खय्याम का दाहिना हाथ है। वह वहीं से पूरा नेटवर्क चला रहा है। खयामुद्दीन के तार अंडर वर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम से जुड़े हैं। आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में कई अन्य गुर्गों के भी नाम बताए हैं जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस की एक टीम मुंबई रवाना की जाएगी। वहीं, पुलिस की जांच में पता चला कि खयामुद्दीन कई बार शहर आकर रिजवान के घर पर रह चुका है।
एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि बीते 29 अक्तूबर को एटीएस और लखनऊ की डीआरआई टीम ने उरई के ऐरी रमपुरा गांव में मेफेड्रोन ड्रग्स बनाने की फैक्टरी पकड़ी। वहां गुलाब जल बनाने की आड़ में मेफेड्रोन बनाई जा रही थी। मौके से 300 करोड़ रुपये कीमत की 1102.88 किलोग्राम ड्रग्स और काफी मात्रा में केमिकल बरामद किया था। पुलिस ने यहां से महाराष्ट्र के सांगली निवासी इंजीनियर संतोष आदिके उर्फ संतोष गावड़े और हमीरपुर निवासी हेमेंद्र कुशवाहा को पकड़कर जेल भेजा था।
विज्ञापन


यह फैक्टरी गिरोह के साथी शैलेंद्र की जमीन पर बनाई गई थी। तब पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में गिरोह का सरगना मूलरूप से बिहार के मोतिहारी व वर्तमान में मुंबई में रहकर ड्रग्स माफिया बने खयामुद्दीन उर्फ खय्याम को बताया था। साथ ही बाबूपुरवा के मुंशीपुरवा आजादनगर निवासी रिजवान अहमद को फैक्टरी में साझेदार बताया था।
दोनों की तलाश में एटीएस और डीआरआई भी लगी हुई थीं। इधर मंगलवार देर रात फजलगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रिजवान अहमद को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से 50 ग्राम ड्रग्स बरामद किया गया। एटीएस और डीआरआई को भी इसकी सूचना दी गई है।


दो साल में बना करोड़पति, फॉर्च्यूनर से करता तस्करी-

एडीसीपी अर्चना के मुताबिक रिजवान ने कड़ाई से पूछताछ में बताया कि वह दो साल पहले मुंबई गया था। वहां खयामुद्दीन की कार चलाता था। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो उसके पास खुद की रेंज रोवर कार, वर्ना, थार जैसी गाड़ियां मिलीं। रिजवान अपनी फॉर्च्यूनर कार से मेफेड्रोन की तस्करी करता था। आरोपी ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क यूपी के अलावा, बिहार, दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र में फैला हुआ है। मेफेड्रोन बनाने के लिए गुजरात, दिल्ली और कानपुर से कच्चा माल खरीदकर फैक्टरी पहुंचाया जाता था। आरोपी के दो मोबाइल चेक किए गए जिसमें एक में चाचा बाराबंकी नाम से नंबर सेव था जिसमें माल भेजे जाने का जिक्र था। वहीं, एक अन्य नंबर में ड्रग्स बनाने के लिए प्रयुक्त होने वाले केमिकल के इनवॉयस पड़े मिले।


बाबूपुरवा, मछरिया के ये आरोपी भी गिरोह के सदस्य-
मेफेड्रोन गिरोह में सिर्फ रिजवान ही नहीं बल्कि बाबूपुरवा और मछरिया के रहने वाले अरबाज कट्टा, दानिश, शैलू उर्फ शालू बाबा, हसीन बाबू समेत अन्य सदस्य शामिल हैं। आरोपी मिलकर कच्चा माल फैक्टरी पहुंचाते थे। रिजवान के मुताबिक खयामुद्दीन से सबसे पहले शालू बाबा मिला था। उसके बाद हसीन से संपर्क कराया और हसीन ने रिजवान से मिलवाया था। बीते माह मुंबई पुलिस की कार्रवाई में हसीन को ड्रग्स के मामले में जेल भेजा जा चुका है जबकि शालू बाबा फरार है। बीते माह फजलगंज पुलिस ने जिस नजमुद्दीन को 101 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स के साथ जेल भेजा था वह भी इसी गिरोह का सदस्य है।


मुंबई में सख्ती बढ़ने पर शहर में हुआ था अंडरग्राउंड

एडीसीपी के मुताबिक मुंबई में ड्रग्स के खिलाफ सख्ती बढ़ने पर खयामुद्दीन कई बार शहर में आकर अंडरग्राउंड हुआ। वह न केवल रिजवान के घर पर रुका बल्कि कई होटलों में भी शरण ली। 24 जुलाई 2026 को भी खयामुद्दीन कानपुर से ही फ्लाइट से परिवार संग मुंबई गया था।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें