मूसानगर। थाना से 100 मीटर दूर शनिवार रात पुलिस वाहन सामने से गुजरने के बाद चोर ने दो दुकानों से नकदी चोरी कर ली। साथ ही तीसरी दुकान में भी चोरी का प्रयास किया। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई। सुबह दुकान पर पहुंचे व्यापारियों ने घटना की जानकारी होने पर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की है।
मूसानगर निवासी राजेश ओमर ने बताया कि उनकी गजनेर रोड चौराहा पर थाना से 100 मीटर की दूरी पर बुक डिपो है। रविवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो उन्हें जाली टूटी मिली, अंदर काउंटर का लॉक टूटा था व गुल्लक में रखे छह हजार रुपये गायब थे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांचने पर एक युवक जाली काटकर दुकान में अंदर घुसकर चोरी करते हुए दिखता है। इस दौरान दुकान के बाहर से पुलिस का वाहन गुजरता देख व काउंटर के नीचे छिपता हुआ दिखता है। जबकि अन्य वाहनों के गुजरने के दौरान लॉक तोड़ने में लगा रहता है।
चोरी करने के बाद युवक वापस कटे हुए हिस्से से भाग निकलता है। वहीं, बुक डिपो के बगल में मेडिकल स्टोर का संचालन करने वाले मोहम्मद हसीब ने बताया कि चोर उनकी भी दुकान की जाली तोड़कर गुल्लक से करीब छह हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोरों ने पड़ोस की मोबाइल शॉप के भी ताले तोड़े लेकिन वहां से कोई नकदी या सामान नहीं ले जा सके। थानाध्यक्ष अमिता वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। चोर का चेहरा प्रमाणित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।